Citroen eC3X vs Tata Tiago EV: ईवी लेने का है प्लान? कीमत, रेंज व BaaS बैटरी रेंटल प्लान में देखें कौन बेहतर
Citroen eC3X vs Tata Tiago EV: सिट्रोएन ई सी3 एक्स और टाटा टियागो ईवी दोनों ही अपने-अपने ब्रांड की बेहद किफायती इलेक्ट्रिक कारें हैं। इन दोनों मॉडल्स को नए फीचर्स, बेहतर रेंज और अपडेट्स के साथ पेश किया गया है। खास बात यह है कि ये दोनों ही कारें अब BaaS (Battery-as-a-Service) रेंटल विकल्प के साथ आती हैं, जिससे इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत काफी घट गई है। तो अगर आप भी अपने लिए एक पावरफुल इलेक्ट्रिक कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो यहां देखिए दोनों मॉडल्स की पूरी तुलना बैटरी और रेंज में कौन आगे सिट्रोएन ई सी3 एक्स और टाटा टियागो ईवी दोनों में फ्रंट-व्हील ड्राइव लेआउट मिलता है, लेकिन बैटरी पैक और रेंज के मामले में दोनों का सेटअप अलग है। सिट्रोएन ई सी3 एक्स में 29.2kWh बैटरी पैक दिया गया है। वहीं, टाटा टियागो ईवी दो बैटरी विकल्पों के साथ आती है, जिनमें 19.2kWh और 24kWh बैटरी शामिल हैं। रेंज की बात करें तो eC3X 325 किलोमीटर की रेंज देती है। यह टियागो ईवी के 24kWh बैटरी पैक वाले मॉडल से 40 किलोमीटर ज्यादा और 19.2kWh बैटरी वाले मॉडल से 99 किलोमीटर ज्यादा है। यानी लंबी रेंज को प्राथमिकता देने वाले खरीदारों के लिए बैटरी क्षमता और रेंज के मामले में eC3X आगे नजर आती है। पावर में कौन ज्यादा दमदार पीक पावर की बात करें तो यहां टाटा टियागो ईवी बढ़त बना लेती है। टियागो ईवी का 19.2kWh बैटरी वाला वर्जन 61hp पावर देता है, जबकि 24kWh बैटरी वाले वर्जन में 75hp की पावर मिलती है। इसके मुकाबले सिट्रोएन ई सी3 एक्स में 57hp की पावर मिलती है। हालांकि, टॉर्क के मामले में eC3X मजबूत है। इसमें 143Nm का टॉर्क मिलता है, जो पावर के अंतर को काफी हद तक संतुलित करता है। एक्सटीरियर में क्या मिलता है दोनों इलेक्ट्रिक कारों में कई बाहरी फीचर्स समान हैं। इनमें LED डे-टाइम रनिंग लैंप्स, टर्न-इंडिकेटर्स और ऑटो-फोल्डिंग ORVMs शामिल हैं। दोनों कारों में सनरूफ नहीं मिलता। हालांकि, लाइटिंग के मामले में अंतर है। सिट्रोएन ई सी3 एक्स में प्रोजेक्टर LED हेडलाइट्स मिलती हैं, जबकि टियागो ईवी में स्टैंडर्ड LED हेडलाइट्स दी गई हैं। eC3X में फ्रंट फॉग लैंप्स भी मिलते हैं, जबकि टियागो ईवी में यह फीचर नहीं दिया गया है। दोनों के इंटीरियर में मिलते हैं ये फीचर्स अगर आप फीचर्स के साथ समझौता नहीं करना चाहते तो, इंटीरियर और सुविधा से जुड़े कई फीचर्स दोनों कारों में मिलते हैं। जैसे इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ORVMs, हाइट-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, 10.25-इंच टचस्क्रीन और वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी कीलेस एंट्री शामिल हैं। लेकिन कुछ फीचर्स में दोनों के बीच अंतर भी है। सिट्रोएन ई सी3 एक्स में क्या फीचर्स मिलते हैं सिट्रोएन ई सी3 एक्स में वायरलेस चार्जर मिलता है, जो टियागो ईवी में नहीं दिया गया है। इसके अलावा eC3X में चार्जिंग के लिए Type-C और Type-A पोर्ट मिलते हैं। सामने की तरफ दिया गया Type-C पोर्ट 65W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। eC3X में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कूल्ड ग्लव बॉक्स, रियर AC वेंट्स और स्टोरेज के साथ फ्रंट आर्मरेस्ट भी दिए गए हैं। वहीं ऑडियो सिस्टम की बात करें तो Tiago EV में स्टैंडर्ड तौर पर 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम मिलता है, जबकि eC3X में चार स्पीकर दिए गए हैं। कीमत में कौन आगे अब बात कीमत की करें तो यहां टाटा टियागो ईवी काफी किफायती है। सिट्रोएन ई सी3 एक्स की एक्स-शोरूम कीमत 11.99 लाख से 13.26 लाख रुपये के बीच है। वहीं, टाटा टियागो ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख से 9.99 लाख रुपये के बीच है। यानी सामान्य खरीद कीमत के हिसाब से Tiago EV काफी कम कीमत पर उपलब्ध है। BaaS प्लान में कितनी है कीमत अच्छी बात यह है कि दोनों कारों को BaaS विकल्प के साथ भी खरीदा जा सकता है। इस मॉडल में कार की शुरुआती कीमत कम होती है, लेकिन बैटरी के इस्तेमाल के लिए प्रति किलोमीटर शुल्क देना पड़ता है। BaaS के साथ सिट्रोएन ई सी3 एक्स की एक्स-शोरूम कीमत 6.89 लाख से 8.30 लाख है। इसके साथ बैटरी के लिए ₹2.26 प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। वहीं BaaS के साथ टाटा टियागो ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 4.69 लाख से शुरू होती है। इसमें बैटरी के लिए ₹2.60 प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 09, 2026, 17:47 IST
Citroen eC3X vs Tata Tiago EV: ईवी लेने का है प्लान? कीमत, रेंज व BaaS बैटरी रेंटल प्लान में देखें कौन बेहतर #Automobiles #National #EvComparison2026 #AffordableEv #SubahSamachar
