Bareilly News: रेस्टोरेंट की लिफ्ट में फंसे बच्चे और महिलाएं, मची चीख-पुकार, दरवाजा तोड़कर निकाला
बरेली के राजेंद्रनगर स्थित सिलेक्शन प्वाइंट के पास फ्लैशबैक रेस्टोरेंट में रविवार की शाम बच्चे और महिलाएं लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट के अटकते ही उसके अंदर अंधेरा छा गया। इससे घबराए बच्चे और महिलाएं रोने और मदद की गुहार लगाने लगे। इस दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों ने जमकर हंगामा किया। तकरीबन 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद जाकर सभी ने राहत की सांस ली। फ्लैशबैक रेस्टोरेंट में शाम के समय ग्राहक मौजूद थे। भाजपा नेता संजीव शर्मा की बेटी की ननद भी रेस्टोरेंट गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजीव की बेटी की ननद, दो अन्य महिलाएं और सात बच्चे लिफ्ट में सवार होकर ऊपर की ओर बढ़े तो वह अचानक अटक गई और उसके अंदर अंधेरा छा गया। यह देखते ही बच्चे और महिलाएं चीखने और रोने लगी। रोना और चीखना देख कर रेस्टोरेंट में मौजूद लोग परेशान हो गए। कर्मचारियों से नहीं खुला दरवाजा रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों ने लिफ्ट का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रबंधन के कर्मचारी कुछ कर नहीं सके। भाजपा नेता संजीव को सूचना मिली तो उन्होंने फोन कर अपने परिचित कमल राणा और प्रवीण भारद्वाज सहित अन्य लोगों को रेस्टोरेंट भेजा। मौके पर पहुंचे कमल राणा ने लिफ्ट का दरवाजा तोड़ कर उसके अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उधर, इस संबंध में रेस्टोरेंट संचालक रमन कोचर ने बताया कि लिफ्ट की क्षमता चार वयस्क लोगों की है। मगर, उसमें तीन महिलाएं और सात बच्चे प्रवेश कर गए थे। ओवरलोड होने के कारण लिफ्ट रुक गई थी। मैन्युअली लिफ्ट को नीचे खींच कर सभी को सुरक्षित निकाला गया। तकरीबन पांच से सात मिनट के लिए असुविधा हुई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 15:09 IST
Bareilly News: रेस्टोरेंट की लिफ्ट में फंसे बच्चे और महिलाएं, मची चीख-पुकार, दरवाजा तोड़कर निकाला #CityStates #Bareilly #RestaurantLift #Restaurant #SubahSamachar
