छत्तीसगढ़ राज्योत्सव: नवा रायपुर के सेंध लेक पर आज भी उड़ान भरेंगे सारंग हेलिकाप्टर,दिखायेंगे शानदार हवाई करतब

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आज दो नवंबर को भी सेंध लेक नवा रायपुर के ऊपर सेना का सारंग हेलिकाप्टर रोमांचक उड़ान भरेंगे। सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। स्थानीय प्रशासन ने दर्शकों से अनुरोध किया है कि वो समय से पहले पहुंचें और स्थानीय प्रशासन और आयोजनकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। दूसरी ओर रविवार को नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जवानों ने अपने साहसिक करतबों, सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल से उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा, हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और 'वंदे मातरम्' की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग टीम का आयोजन सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहे। राज्य स्थापना दिवस के उत्साह के बीच भारतीय वायु सेना के जवानों का यह अद्भुत प्रदर्शन प्रदेशवासियों के गौरव को और बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर राज्य स्थापना की खुशियों के साथ भारतीय वायु सेना का शौर्य, अनुशासन और अदम्य साहस भी जुड़ गया है। आकाशगंगा टीम ने आसमान से उतरकर दिखाया अद्भुत साहस हवाई प्रदर्शन का रोमांचकारी शुभारंभ भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया। खुले आसमान से छलांग लगाते हुए टीम के जवानों ने अपने पैराशूट को कुशलतापूर्वक नियंत्रित कर अदम्य साहस, संतुलन और सटीकता का परिचय दिया। ऊंचे आसमान से उतरते हुए स्काईडाइवर्स ने निर्धारित दिशा और गति के अनुरूप पैराशूट को नियंत्रित किया तथा सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। जवानों के इस प्रदर्शन को देखकर दर्शकों में रोमांच और उत्सुकता का माहौल रहा। सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस प्रस्तुति ने भारतीय वायु सेना के जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, कठिन परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने की क्षमता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की। गरुड़ कमांडोज ने दिखाया विशेष ऑपरेशन का कौशल आकाशगंगा टीम के प्रदर्शन के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का साहसिक प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरते जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्धारित स्थान तक पहुंचने की दक्षता का परिचय दिया। गरुड़ कमांडोज ने हेलीकॉप्टर से उतरकर सेंध लेक के सामने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके बाद जवानों ने मंच को सलामी दी। हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरने और निर्धारित स्थान पर ऑपरेशन को अंजाम देने की प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना के विशेष बलों की परिचालन क्षमता, त्वरित कार्रवाई, साहसिक प्रशिक्षण और कठिन परिस्थितियों में मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करने की दक्षता का परिचय मिला।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 02, 2026, 08:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




छत्तीसगढ़ राज्योत्सव: नवा रायपुर के सेंध लेक पर आज भी उड़ान भरेंगे सारंग हेलिकाप्टर,दिखायेंगे शानदार हवाई करतब #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #HattisgarhStateFestival #SarangHelicopters #SendhLakeInNayaRaipur #SendhLake #SubahSamachar