Bilaspur News: तीन महीने से बिना डॉक्टर चल रहा सीएचसी पंजगाईं
20 हजार लोगों की सेहत पर संकट, लोग परेशाननौ पंचायतों के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को भेजा ज्ञापनअस्पातल में तुरंत तीन डॉक्टर तैनात करने की उठाई मांगसंवाद न्यूज एजेंसीबिलासपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंजगाईं में पिछले करीब तीन महीने से डॉक्टरों की तैनाती न होने के कारण क्षेत्र की लगभग 20 हजार आबादी को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर नौ पंचायतों के ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर तुरंत डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की है। ज्ञापन उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से भेजा गया।समाजसेवी एवं इंटक के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि सीएचसी पंजगाईं क्षेत्र की पंजगाईं, धौन कोठी, धार टटोह, सोलग जुरासी, द्रोबड़, जमथल, हरनोड़ा, बरमाणा और बैरी पंचायतों के लिए मुख्य स्वास्थ्य सुविधा केंद्र है। यहां तीन मेडिकल अधिकारियों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में एक भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। इसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि डॉक्टरों के अभाव में लोगों को इलाज के लिए मजबूरन बिलासपुर या सुंदरनगर के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है। आपात परिस्थितियों में यह स्थिति जोखिम भरी साबित हो रही है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं, बल्कि लोगों का स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास भी कमजोर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि तुरंत स्वीकृत तीनों डॉक्टरों की तैनाती कर सीएचसी को पूर्ण रूप से कार्यशील बनाया जाए। साथ ही लंबे समय से डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारणों की जांच कर भविष्य में नियमित स्टाफ सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों ने यह भी सुझाव दिया कि जब तक स्थायी तैनाती नहीं होती, तब तक मोबाइल मेडिकल यूनिट या विजिटिंग डॉक्टरों की अस्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस मौके पर शिष्टमंडल में अन्य लोगों के अलावा देवी राम, अधिवक्ता अनुपम शांडिल, अधिवक्ता स्वाति, कपिल शर्मा, अधिवक्ता विजय ठाकुर, रमेश ठाकुर, शिवकुमार, राम दास ठाकुर, परमा नंद, निक्कू राम और सुनील कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 19:03 IST
Bilaspur News: तीन महीने से बिना डॉक्टर चल रहा सीएचसी पंजगाईं #CHCPanjgaiHasBeenRunningWithoutADoctorForThreeMonths. #SubahSamachar
