Rudrapur: होली पर अराजकता, कहीं चली गोली तो कहीं युवक पर बोतल से हमला
रुद्रपुरपुलिस की कड़ी चौकसी के बावजूद होली पर शहर में खूब अराजकता हुई। मामूली विवाद में इंदिरा कॉलोनी में बाइक सवारों ने एक युवक पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली युवक को नहीं लगी। वहीं आवास विकास में कार सवारों ने एक युवक के सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी। घायल युवक के सिर पर 12 टांके आए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल भी तानी। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी निवासी अंश ने बताया कि वह 12वीं का छात्र है। होली के दिन उसने घर की छत से सड़क पर जा रहे युवक के ऊपर पानी फेंक दिया था लेकिन पानी युवकों के ऊपर नहीं गिरा। आरोप है कि इसी के कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की बाइक पर चार युवक सवार होकर आए और घर के बाहर आते ही उसके ऊपर दो राउंड गोली चलाई और फरार हो गए। उसने कमरे के अंदर छिपकर खुद को बचाया। गोली चलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसकी सूचना उसने डायल 112 पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इधर, ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास में पाल फोर्ड के पास कार सवारों ने मामूली विवाद में हिमांशु अरोरा के सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी। हमले में युवक का सिर फूट गया और सिर पर 12 टांके आए। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। हमले में जख्मी हिमांशु के दोस्त आशीष ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ होली मना रहे थे। इसी बीच कार सवार आए और मामूली बात पर हमलावर हो गए। हमले में उसके कंधे पर भी चोट आई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 13:55 IST
Rudrapur: होली पर अराजकता, कहीं चली गोली तो कहीं युवक पर बोतल से हमला #CityStates #UdhamSinghNagar #UttarakhandNews #UkNews #RudrapurNews #RudrapurHoliViolence #FiringIncidentRudrapur #BottleAttackCase #SubahSamachar
