रुहेलखंड विश्वविद्यालय: एलएलएम के कोर्स में किया गया बदलाव, साइबर लॉ में शामिल हुआ एआई
बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) में शैक्षिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय कैंपस में संचालित एलएलएम साइबर लॉ, व्यापार और कॉरपोरेट कानून व कार्यकारी एलएलएम का नया पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। कोर्स को अपग्रेड करने का कार्य पूरा हो चुका है। एलएलएम साइबर लॉ में अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को शामिल किया गया है। वहीं एलएलएम कॉर्पोरेट के पाठ्यक्रम को एनईपी 2026 के अनुसार अपडेट किया गया है। विधि विभागाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि एलएलएम साइबर लॉ दो वर्षीय विश्वविद्यालय में 2023 से संचालित है, लेकिन इसका पाठ्यक्रम आईटी एक्ट 2000 के अनुसार ही चल रहा था, लेकिन इस बार डिजिटल युग की मांग को देखते हुए नए बदलाव किए गए हैं। इसमें डेटा संरक्षण कानून, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कानून, साइबर अपराध व डिजिटल साक्ष्य जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। इस कोर्स की फीस तीस हजार रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य साइबर विशेषज्ञ अधिवक्ता और सलाहकार तैयार करना है। एक वर्षीय पाठ्यक्रम में भी बदलाव वहीं, एलएलएम व्यापार और कॉरपोरेट कानून एक वर्षीय पाठ्यक्रम में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। व्यापार और कॉरपोरेट कानून पाठ्यक्रम में डब्ल्यूटीओ, सेबी नियम, सरफेसी अधिनियम, प्रतिस्पर्धा कानून और ई-कॉमर्स कानूनी ढांचा जैसे विषय किए गए हैं। वहीं, तीसरा कोर्स एलएलएम कार्यकारी है, जो सेवारत अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को मुख्य रूप से देखते हुए इसे लचीला बनाया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 18:30 IST
रुहेलखंड विश्वविद्यालय: एलएलएम के कोर्स में किया गया बदलाव, साइबर लॉ में शामिल हुआ एआई #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #RohilkhandUniversity #Mjpru #LlmCourse #Ai #Students #SubahSamachar
