Kaithal News: बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने किया स्कूल का निरीक्षण

कैथल। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष भीम सेन अग्रवाल वीरवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय डोडा खेड़ी में निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने देखा कि विद्यालय के भवन के कुछ हिस्से अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं और उनके गिरने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा विद्यालय में पीने के स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों को परेशानी हो रही है। स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली और निरीक्षण के समय सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया। समिति के अध्यक्ष ने मौके पर ही संबंधित कमियों को नोट किया और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को शीघ्र ही संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर आवश्यक एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करवाई जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अध्यक्ष ने बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया, अनुशासन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ एमडीडी ऑफ इंडिया के जिला समन्वयक अशोक कुमार और अधिवक्ता हर्ष बागड़ी भी मौजूद रहे। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 20, 2026, 03:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kaithal News: बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने किया स्कूल का निरीक्षण #ChairmanInspectedTheSchool #SubahSamachar