हैवान पति की क्रूरता: पत्नी को जंजीर से बांधा, गर्म सरिए से दागा; छह किमी पैदल चलकर थाने पहुंची महिला
राजगढ़जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के छीपीपुरा गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि उसने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर गले में लोहे की जंजीर डालकर खंभे से बांध दिया और गर्म सरिए से उसके शरीर को कई जगह दाग दिया। करीब 24 घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद महिला किसी तरह ताला तोड़कर भागी और छह किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंची। पीड़िता मांगीबाई तंवर ने पुलिस को बताया कि 10 जून की शाम उसका पति सरदार सिंह तंवर शराब के नशे में घर आया था। खाना खाने के बाद वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पेड़ की शाखा तोड़कर डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। जान बचाने के लिए मांगीबाई रात में ही शिकायत दर्ज कराने खिलचीपुर थाने के लिए निकल पड़ी, लेकिन सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पति ने उसे पकड़ लिया। महिला का आरोप है कि पति उसे जबरन वापस घर ले गया और गले में मोटी लोहे की जंजीर डालकर खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसने गैस चूल्हे पर लोहे का सरिया गर्म किया और महिला की कमर, कूल्हे तथा दाहिनी जांघ पर कई जगह दाग दिया। दर्द से तड़पती रही महिला की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे करीब 24 घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान वह गांव में पंचायत बुलाकर महिला पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाता रहा। शुक्रवार शाम जब आरोपी पंचायत के लिए लोगों को बुलाने बाहर गया, तब मांगीबाई ने पत्थर से ताले पर वार कर उसे तोड़ दिया और वहां से निकल भागी। पढ़ें:ट्रेन में आग की अफवाह सुनकर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए; छह लोगों की मौत गले में जंजीर और ताला लटकाए महिला अंधेरे में जंगल और सुनसान रास्तों से गुजरते हुए करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर रात लगभग 10 बजे खिलचीपुर थाने पहुंची। रास्ते में कई लोगों ने उसे देखा, लेकिन उसकी पीड़ा को समझ नहीं सके। एक राहगीर ने उसकी हालत देखकर उसे नाश्ता कराया, जिसके बाद वह थाने तक पहुंच सकी। थाने पहुंची महिला की स्थिति देखकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। उसके शरीर पर मारपीट और जलाने के गंभीर निशान थे। पुलिस ने तत्काल जंजीर कटवाई, मेडिकल परीक्षण कराया और उपचार की व्यवस्था की। मेडिकल जांच में चोटों और जलाने के निशानों की पुष्टि हुई। खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सरदार सिंह तंवर के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने और गंभीर चोट पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत भोजन हाथ में न देने जैसी मामूली बात से हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 14, 2026, 19:02 IST
हैवान पति की क्रूरता: पत्नी को जंजीर से बांधा, गर्म सरिए से दागा; छह किमी पैदल चलकर थाने पहुंची महिला #CityStates #MadhyaPradesh #Rajgarh #RajgarhNews #RajgarhViralNews #RajgarhLatestNews #RajgarhHindiNews #MpViralNews #SubahSamachar
