Hamirpur (Himachal) News: खुद डाटा भरेंगे तो तेजी से पूरी होगी जनगणना
हमीरपुर। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे भारत की जनगणना की प्रक्रिया के तहत स्वगणना पोर्टल एसई सेन्ससजीओवीइन पर अपना डाटा स्वयं भरें। इससे जनगणना की प्रक्रिया बहुत ही आसानी, सटीकता एवं तेजी के साथ पूरी की जा सकेगी। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यशाला में गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि हमीरपुर जिले में भी जनगणना की प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में इस वर्ष 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना करेंगे। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी। इस बार की जनगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया है और इसमें लोगों को कंप्यूटर-लैपटॉप या मोबाइल से ऑनलाइन स्वयं की जानकारी अपलोड करने का विकल्प भी दिया है। इसके लिए स्वगणना पोर्टल को पहली से 15 जून तक खोला है। सभी परिवारों के मुखिया या अन्य लोग 15 जून तक अपने मकानों एवं भवनों से संबंधित जानकारी स्वयं इस पोर्टल पर भर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया बहुत ही आसान है और इसे कुछ मिनटों में ही पूरा किया जा सकता है। इसके पूरा होते ही संबंधित व्यक्ति की एक आईडी जनरेट होगी। संबंधित व्यक्ति इस आईडी को अपने मोबाइल में रखें और 16 जून से 15 जुलाई के बीच जब प्रगणक मकानों के सूचीकरण के लिए आएंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इससे प्रगणकों का कार्य बहुत ही आसान हो जाएगा और जनगणना की पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। कार्यशाला के दौरान जनगणना निदेशालय शिमला की ओर से नियुक्त जिला नोडल अधिकारी अजय सोलंकी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को स्वगणना पोर्टल में एंट्री की जानकारी दी। इनसे मौके पर ही डाटा अपलोड करवाकर आईडी जनरेट करवाई। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:37 IST
Hamirpur (Himachal) News: खुद डाटा भरेंगे तो तेजी से पूरी होगी जनगणना #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
