Rajsamand: नाथद्वारा में 50 लाख के जेवरात से भरा बैग चोरी, पुलिस ने किया 24 घंटे में खुलासा, ऑटो चालक गिरफ्तार
नाथद्वारा में श्रद्धालु के जेवरात से भरे बैग की चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए करीब 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी गोविंद खंडेलवाल (66) पुत्र ओंकारलाल खंडेलवाल अपनी पत्नी बिंदु खंडेलवाल, बेटी, दामाद और भतीजे के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए उज्जैन से उदयपुर जा रहे थे। रास्ते में वे नाथद्वारा पहुंचे और रेडिसन होटल में ठहरने के बाद श्रीनाथजी मंदिर के दर्शन करने गए। दर्शन के बाद होटल लौटने के लिए परिवार ने एक ऑटो किराए पर लिया। इसी दौरान गोविंद खंडेलवाल की पत्नी का गहनों से भरा बैग ऑटो में छूट गया या चोरी हो गया। बैग में डायमंड की चूड़ियां, डायमंड जड़ित नेकलेस, सोने की चूड़ी-पाटला, पेंडेंट, घड़ी सहित करीब 27 से 30 तोला सोने-हीरे के आभूषण और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। इनकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। ये भी पढ़ें:दौसा में मार्मिक घटना:बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकीं मां, आधे घंटे बाद तोड़ा दम; एक साथ हुई अंत्येष्टि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और ऑटो चालक की पहचान की। जांच के दौरान ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव, निवासी यादव मोहल्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने घटना से अनभिज्ञता जताई लेकिन सीसीटीवी फुटेज और सघन पूछताछ के बाद उसने बैग चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी कीमती आभूषण और 7 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए। मामले की जांच जारी है। बरामद किए गए सामान में डायमंड की चूड़ियां, डायमंड जड़ित नेकलेस व टॉप्स, सोने की चूड़ी-पाटला, सोने का पेंडेंट एवं अन्य आभूषण, घड़ी तथा 7 हजार रुपये नकदी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर श्रद्धालु के करीब 50 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए जेवरात सुरक्षित बरामद कर लिए गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 15:37 IST
Rajsamand: नाथद्वारा में 50 लाख के जेवरात से भरा बैग चोरी, पुलिस ने किया 24 घंटे में खुलासा, ऑटो चालक गिरफ्तार #CityStates #Rajasthan #Rajsamand #RajsamandNews #NathdwaraNews #NathdwaraJewelleryTheft #JewelleryTheftCase #DevoteeTheftCase #AutoDriverArrested #NathdwaraPolice #DiamondJewelleryTheft #GoldJewelleryTheft #CctvInvestigation #SubahSamachar
