Yamuna Nagar News: ओवरटेक के प्रयास में कार और बाइक की भिड़ंत, दोनों चालक घायल

साढौरा। कस्बे में व्यासपुर मार्ग पर बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक के पास ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ों के बीच फंस गई।घायल बाइक चालक सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बाइक से कालाआंब स्थित एक कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही वह बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही कार के चालक ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक अपनी कार से नियंत्रण खो बैठा और सीधे बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बाइक चालक सुखबीर और कार चालक दोनों को गंभीर चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई, अन्यथा स्थिति और भयावह हो सकती थी। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे दो पेड़ों के बीच जाकर फंस गई, जिससे वाहन को और नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल कार चालक को साढौरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाइक चालक सुखबीर को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 03:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: ओवरटेक के प्रयास में कार और बाइक की भिड़ंत, दोनों चालक घायल #CarAndBikeCollideWhileTryingToOvertake #BothDriversInjured #SubahSamachar