UP News: बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे, सांड़ से टकराकर पलटी कार, दूसरी का टायर फटा, पांच घायल
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई, जब एक सांड़ एक्सप्रेसवे पर पहुंच गया। सांड़ से टकराकर एक कार पलट गई। इसके कुछ देर बाद दूसरी कार टायर फटने से हादसे का शिकार हो गई। दोनों हादसों में पांच महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में भर्ती कराया गया है। घटना ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और फेंसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली दुर्घटना डहरपुर गांव के पास टोल प्लाजा-207 के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी दीपक श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ मेरठ से लौट रहे थे। उनकी कार तेज रफ्तार से एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ रही थी कि तभी अचानक एक सांड़ सामने आ गया। चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला और कार सीधे सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में कार सवार रेशू श्रीवास्तव (45) ,आराधना श्रीवास्तव (20) ,आराध्या श्रीवास्तव (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को दातागंज सीएचसी पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन हादसे के बाद परिवारों और राहगीरों में दहशत है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 03, 2026, 18:48 IST
UP News: बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे, सांड़ से टकराकर पलटी कार, दूसरी का टायर फटा, पांच घायल #CityStates #Budaun #UttarPradesh #CarAccident #GangaExpressway #Accident #SubahSamachar
