ग्रामीण क्षेत्रों में क्षमता निर्माण से आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. जयंती

ऊना। राजकीय महाविद्यालय ऊना में समावेशी ग्रामीण विकास पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़) के प्रायोजन में हुआ। अर्थशास्त्र विभाग द्वारा समावेशी ग्रामीण विकास को गति देने के बहुआयामी दृष्टिकोण विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया गया। कार्यक्रम की संरक्षक प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा, संगोष्ठी का संचालन संयोजक डॉ. शाम सिंह बैंस, सह-संयोजक डॉ. रंजू बनोटा, आयोजन सचिव डॉ. भगवान दास तथा वित्त सचिव प्रो. मनजीत सिंह मान द्वारा किया गया। संगोष्ठी के प्रथम दिवस मुख्य वक्ता डॉ. जयंती दत्ता, प्रोफेसर एवं कार्यक्रम निदेशक, एमएमटीटीसी, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने ग्रामीण विकास में शिक्षा, कौशल विकास और नीतिगत नवाचार की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में क्षमता निर्माण से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सकता है। द्वितीय दिवस पर डॉ. दीपक कुमार, प्रोफेसर, समाजशास्त्र और सामाजिक मानवशास्त्र विभाग, पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला, पंजाब ने समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से ग्रामीण समाज की संरचना, असमानताओं और समावेशी नीतियों की आवश्यकता को रेखांकित किया। इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के 11 राज्यों से कुल 122 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 45 प्रतिभागी ऑफलाइन तथा 67 प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सत्रों में विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। संगोष्ठी को 21 उप-विषयों में विभाजित कर पांच प्रमुख ट्रैकों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं उद्यमिता, कृषि एवं पर्यावरण, शासन एवं सामाजिक विकास, संस्कृति एवं शिक्षा तथा एआई एवं डिजिटल समावेशन के अंतर्गत चर्चा की गई। इसमें स्मार्ट कृषि, एमएसएमई, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और नीति नवाचार जैसे विषयों को ग्रामीण विकास के प्रमुख आधार के रूप में उभारा गया। साथ ही महिलाओं, युवाओं, छोटे किसानों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 21, 2026, 18:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




ग्रामीण क्षेत्रों में क्षमता निर्माण से आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. जयंती #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar