Una News: मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने पर बस ऑपरेटरों ने जताया रोष
ऊना। जिले में चल रहे होली मेला मैड़ी के दौरान मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं को अवैध रूप से ढोने के मामलों पर निजी बस ऑपरेटरों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। ऑपरेटरों ने इसे न केवल कानून की खुली अवहेलना बल्कि मानव जीवन के साथ खतरनाक खिलवाड़ करार दिया है।निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रतिनिधियों ने इस गंभीर विषय पर उपायुक्त ऊना, पुलिस अधीक्षक ऊना तथा आरटीओ ऊना को औपचारिक पत्र प्रेषित कर प्रशासन को चेताया है कि यदि अवैध परिवहन पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो न्यायालय की अवमानना सहित कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। संघ ने गंभीर आरोप लगाया है कि नैहरियां से मैड़ी मार्ग के बीच जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में यूटिलिटी ओपन बॉडी जीपों में 30–35 श्रद्धालुओं को बैठाकर यात्रा करवाई जा रही है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है क्योंकि पुलिस की देखरेख में ही उच्च न्यायालय के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।संघ ने कहा कि यह न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न है बल्कि प्रशासन की जवाबदेही को भी कटघरे में खड़ा करता है। जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष महेंद्र मनकोटिया, उपाध्यक्ष पंकज दत्ता, रामकिशन शर्मा, संदीप शर्मा, वरिंदर मंडयाल, सुकेश ठाकुर, दिनेश सैनी, संजीव रायजादा ने कहा कि पूर्व में ऐसे अवैध परिवहन के कारण कई दर्दनाक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ढिलाई से सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। संघ सदस्यों ने मांग उठाई कि जिला की सीमाओं व मैड़ी मार्गों पर तत्काल विशेष नाकाबंदी की जाए। मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन हो, नियमों उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना व वाहन जब्त किए जाएं। इसके अलावा ऑपरेटरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए तो उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। जिला स्तर पर आंदोलन व चक्का जाम जैसे कठोर कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 02, 2026, 23:59 IST
Una News: मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने पर बस ऑपरेटरों ने जताया रोष #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
