पीलीभीत में हादसा: बरातियों से भरी बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई, छह लोग घायल
पीलीभीत-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर सोमवार रात बरातियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायल बरेली के सीबीगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। बस और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। हादसा रात करीब आठ बजे थाना जहानाबाद क्षेत्र में अप्सरिया नदी के पुल के पास हुआ। बरेली के सीबीगंज से बराती जहानाबाद के मोहल्ला सराय में विवाह समारोह में आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 50 से अधिक बरातियों को लेकर बस वापस बरेली जा रही थी। अप्सरिया पुल के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। चालक के नशे में होने का आरोप टक्कर लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में सीबीगंज निवासी आसिक, आसिफ, मुनब्बिस, कासिफ, अजीम समेत छह लोग घायल हुए। यात्रियों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हादसे से करीब 100 मीटर पहले भी बस पलटने से बची थी। सूचना पर इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा। हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को पुलिस ने खुलवाया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 06, 2026, 06:49 IST
पीलीभीत में हादसा: बरातियों से भरी बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई, छह लोग घायल #CityStates #Pilibhit #RoadAccident #BusAccident #SubahSamachar
