प्रशासन की कार्रवाई: मस्जिद-कब्रिस्तान की विवादित भूमि पर चला बुलडोजर, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
वाराणसी कमिश्नरेट के आदमपुर थाना क्षेत्र के किला कोहना में अजगैब शहीद मस्जिद और कब्रिस्तान से जुड़ी विवादित भूमि पर मंगलवार देर रात जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाया। रेलवे की निर्माण परियोजनाओं से संबंधित भूमि को लेकर उच्चय न्यायालय में भी विवाद था। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। काशी रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार और विस्तार कार्य के तहत स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 47.26 एकड़ में निर्माण कार्य प्रस्तावित है। कुछ भूमि को लेकर रेलवे और स्थानीय पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। अजगैब शहीद मस्जिद कमेटी की ओर से हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई है। एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवानों ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कार्रवाई शुरू होने से पहले आसपास के मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। संयुक्त टीम वसंता कॉलेज पुलिस पिकेट की ओर से रेलवे के निर्माणाधीन क्षेत्र से अंदर पहुंची और विवादित भूमि का सीमांकन और अतिक्रमण चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद बुलडोजर, पोकलैंड, हाइड्रा अंदर पहुंचा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्रवाई स्थल के पास नहीं जाने दिया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध या तनाव की स्थिति सामने नहीं आई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 07:21 IST
प्रशासन की कार्रवाई: मस्जिद-कब्रिस्तान की विवादित भूमि पर चला बुलडोजर, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #BulldozerActionInVaranasi #UpNews #SubahSamachar
