Jhabua: छह साल के मासूम की निर्मम हत्या का खुलासा, महंगे शौक पूरे करने के लिए रिश्तेदार ने ही रची थी साजिश
पेटलावद थाना क्षेत्र के कोदली गांव में 5 मई को हुए 6 वर्षीय मासूम उत्कर्ष हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वीभत्स वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि परिवार का ही करीबी रिश्तेदार निकला। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि आरोपी जितेंद्र ने अपने साथी चिराग नायक के साथ मिलकर लूट की नीयत से इस हत्या को अंजाम दिया था। जानकारी के अनुसार, 5 मई की दोपहर परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर केवल 6 वर्षीय उत्कर्ष और उसकी 55 वर्षीय दादी रमीला बाई मौजूद थीं। आरोपी जितेंद्र, जो रिश्ते में रमीला बाई की बहन की बेटी का बेटा है, घर की पूरी जानकारी रखता था। वह अपने साथी चिराग के साथ घर पहुंचा और फावड़े से दादी-पोते पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मासूम उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रमीला बाई को इलाज के लिए वडोदरा रेफर किया गया। घायल अवस्था में उन्होंने आरोपी का नाम लिखकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग दिया। पढ़ें:ट्विशा शर्मा के परिवार को अदालत से लगा झटका, दोबारा पोस्टमार्टम करने की मांग खारिज वारदात के बाद आरोपियों ने रमीला बाई के कानों से सोने के टॉप्स, अंगूठी और चेन लूट ली। घटना के बाद आरोपी बेहद शातिर तरीके से गांव में ही मौजूद रहा और परिवार के साथ सहानुभूति जताने का नाटक करता रहा। यहां तक कि अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान भी वह मौके पर मौजूद था। पुलिस को संदेह होने पर अंतिम संस्कार रुकवाकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिससे हत्या का खुलासा हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने भोपाल से जितेंद्र और उसके साथी चिराग नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे महंगे शौक और ऐशो-आराम के लिए पैसों की तंगी से जूझ रहे थे। इसी वजह से उन्होंने मौसी के घर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 20:21 IST
Jhabua: छह साल के मासूम की निर्मम हत्या का खुलासा, महंगे शौक पूरे करने के लिए रिश्तेदार ने ही रची थी साजिश #CityStates #Crime #Jhabua #MadhyaPradesh #MpNews #JhabuaNews #JhabuaViralNews #JhabuaHindiNews #JhabuaLatestNews #SubahSamachar
