UP: ब्रिगेडियर की वर्दी और भाड़े के बाउंसर, नीट फेल 21 साल के आर्यन ने ऐसा रचा खेल, हर कोई रह गया दंग
शाहजहांपुर में ब्रिगेडियर की वर्दी में शहर की सड़कों पर महीनों से रौब झाड़ रहे आर्यन के आत्मविश्वास, चाल-ढाल और रुतबे में कोई कमी नहीं थी। बस कम थी तो उसकी उम्र। ब्रिगेडियर की रैंक 20 से 25 वर्ष की सैन्य सेवा के बाद मिल पाती है और आर्यन तो महज 20-21 वर्ष का साफ दिख रहा था। इसी वजह से पूर्व सैनिकों की निगाहों को वह धोखा नहीं दे सका। कई बार उसे वर्दी में देखने के बाद पूर्व सैनिकों ने सारी जानकारी जुटाने के बाद सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर उसे पकड़ने के लिए प्लान बनाया। फिर शुक्रवार को कई महीने के उसके नाटक से पर्दा हटा दिया। उसे कैंट स्थित शहीद संग्रहालय से दबोच लिया। मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण बरेली से आई मिलिट्री इंटेलीजेंस टीम ने आरोपी से बंद कमरे में लंबी पूछताछ की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। स्टेशन हेडक्वार्टर शाहजहांपुर के नायब सूबेदार अमित कुमार की ओर से आर्यन वर्मा के खिलाफ सदर बाजार थाने में धोखाधड़ी, लोकसेवक का रूप धारण करने, जाली दस्तावेजों या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड्स को गैरकानूनी तरीके से अपने पास रखने और उन्हें बनाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इन पूर्व सैनिकों ने खोली जालसाज की पोल आर्यन की सच्चाई सामने लाने वालों में आवास विकास कॉलोनी निवासी अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष सूबेदार मेजर रमेश दीक्षित, वृंदावन कॉलोनी निवासी वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश चौहान, जिला सचिव स्वदेश मिश्रा, जिला संगठन मंत्री योगेंद्र त्यागी व अन्य शामिल रहे। इन पूर्व सैनिकों ने बताया कि आर्यन को पहली बार बावर्दी देखा था। निजी कार पर ब्रिगेडियर का झंडा व स्टार देख संदेह हुआ। तभी से उसके पीछे लगे हुए थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 15:28 IST
UP: ब्रिगेडियर की वर्दी और भाड़े के बाउंसर, नीट फेल 21 साल के आर्यन ने ऐसा रचा खेल, हर कोई रह गया दंग #CityStates #Bareilly #Shahjahanpur #UttarPradesh #FakeBrigadier #Army #Bouncers #Police #Fraud #Crime #SubahSamachar
