झारखंड: 'पीएम मोदी ने 10 बार किया फोन, फिर भी नहीं उठाया कॉल', राज्यपाल बनने जा रहे ब्रजमोहन राम सुनाया किस्सा
झारखंड के पलामू लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने खुशी जताई है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। ब्रजमोहन राम के मुताबिक, मंगलवार सुबह उनके मोबाइल पर एक निजी नंबर से बार-बार फोन आ रहा था। नंबर दिखाई नहीं देने के कारण उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में जब उन्हें बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे बात करना चाहते हैं, तब उन्होंने फोन पर बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी दी। वहीं, उनके राज्यपाल नियुक्त होने पर झारखंड भाजपा के नेताओं ने बधाई दी है। पीएम मोदी ने 10 बार किया कॉल, निजी नंबर होने के कारण नहीं उठाया फोन ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने के बाद ब्रजमोहन राम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मंगलवार सुबह उनके मोबाइल पर करीब 10 बार एक निजी नंबर से कॉल आया था। नंबर की पहचान नहीं हो पाने के कारण उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में एक निजी नंबर से दोबारा कॉल आया और उन्हें बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बातचीत की और 'जोहार' कहकर अभिवादन किया। ब्रजमोहन राम के अनुसार, प्रधानमंत्री ने संगठन से जुड़ी जानकारी ली और बताया कि उन्हें सरकार की ओर से बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है। इसके बाद दोपहर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें फोन किया और राज्यपाल नियुक्त किए जाने की जानकारी दी। हालांकि, उस समय तक उन्हें यह जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए कहा गया था। ब्रजमोहन राम के अनुभव से ओडिशा को नई दिशा मिलने की उम्मीद पलामू के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर झारखंड भाजपा के नेताओं ने खुशी जताई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ओडिशा जैसे महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जाना झारखंड के लिए गौरव का विषय है। वहीं, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ब्रजमोहन राम अपने अनुभव और मार्गदर्शन से ओडिशा में संवैधानिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। भाजपा नेताओं ने उनकी नई जिम्मेदारी को झारखंड के लिए सम्मान की बात बताया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 14, 2026, 10:04 IST
झारखंड: 'पीएम मोदी ने 10 बार किया फोन, फिर भी नहीं उठाया कॉल', राज्यपाल बनने जा रहे ब्रजमोहन राम सुनाया किस्सा #CityStates #Ranchi #Jharkhand #JharkhandNews #SubahSamachar
