Una News: प्रतिबंधित दवा मामले में दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे

अंब(ऊना)। जिला के धुसाड़ा में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों की बरामदगी के मामले में उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों आरोपियों का पांच दिन का पुलिस रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने अंब अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में चल रहे मुख्य आरोपी से पूछताछ के दौरान हुए खुलासों के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो और सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए इन आरोपियों को बीते सोमवार को अंब अदालत में पेश किया गया था। जहां से उन्हें 27 फरवरी तक पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था।गौरतलब है कि यह पूरा मामला 10 फरवरी को शुरू हुआ था, जब पुलिस टीम ने धुसाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की थीं। कार की तलाशी लेने पर 31,800 ट्रामाडोल टैबलेट और 3,735 अल्प्राजोलम टैबलेट मिली थीं, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। इसके साथ ही 8,000 प्रेगाबालिन व मिथाइलकोबालामिन कैप्सूल भी कब्जे में लिए गए थे। मामले का मुख्य आरोपी पहले ही पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद अदालत के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 27, 2026, 23:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: प्रतिबंधित दवा मामले में दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar