Meerut News: कुशावली के ग्रामीण का रजबहे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी सरधना। गांव कालंद के पास महाराणा प्रताप कांवड़ मार्ग स्थित रजबहे में बुधवार सुबह 60 वर्षीय नीलू का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सरधना पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह राहगीरों ने रजबहे में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान नीलू (60) पुत्र अजीमू मूल निवासी गांव कुशावली, थाना सरधना के रूप में की। वर्तमान में वह जनपद मुजफ्फरनगर में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नीलू पिछले करीब 15 वर्षों से परिवार के साथ मुजफ्फरनगर में रह रहा था। वह करीब तीन दिन पहले अपने पैतृक गांव कुशावली आया था। पुलिस को मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक शराब का सेवन करता था। बताया जा रहा है कि पत्नी के निधन के बाद उसकी शराब पीने की आदत बढ़ गई थी। परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन वह भाई से बेटी के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में उसका शव रजबहे में मिला। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह रजबहे में गिर गया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।---------
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 20:11 IST
Meerut News: कुशावली के ग्रामीण का रजबहे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस #BodyOfKushavaliVillagerFoundInDistributary;PoliceInvestigating. #SubahSamachar
