Gorakhpur News: बरामदे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर 14 ज्ञानचक्षु नगर स्थित बड़ा महुआसर गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के बरामदे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर शादी के बाद से ही मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महुआसर निवासी निरंजन निषाद ने 28 नवंबर 2024 को रवीना निषाद से न्यायालय में कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दोनों साथ रह रहे थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों के घर से बाहर जाने के दौरान रवीना ने बरामदे में छत की कुंडी से साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रवीना के पिता सुरेंद्र निषाद भी मायके से पहुंच गए। उन्होंने पीपीगंज थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को पति समेत ससुराल पक्ष के लोग आए दिन प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। पिता ने आरोप लगाया कि इसी से क्षुब्ध होकर रवीना ने आत्मघाती कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।दूसरी ओर रवीना की तीन साल की बेटी है। मां की मौत से बच्ची के सिर से ममता का साया उठ गया। परिवार में मातम पसरा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 02:59 IST
Gorakhpur News: बरामदे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव #BodyOfAMarriedWomanFoundHangingInTheVeranda #SubahSamachar
