बकरी चराने के विवाद में खूनी संघर्ष: वाराणसी में लाठी-डंडे और रॉड से हमला, महिलाओं समेत 8 घायल; पुलिस बल तैनात
Varanasi Crime: लल्लापुर गांव में रविवार सुबह खेत में बकरी चराने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हुए हमले में महिलाओं सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामला मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लल्लापुर गांव का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी मिंटू बिंद के सब्जी के खेत में दूसरे पक्ष के जमुना बिंद की बकरी घुस गई और फसल चरने लगी। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से दर्जनों लोग लाठी, डंडा और लोहे की रॉड लेकर आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत में अचानक मारपीट शुरू होते ही अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला करने लगे। संघर्ष में कई लोगों के सिर फट गए और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 24, 2026, 15:40 IST
बकरी चराने के विवाद में खूनी संघर्ष: वाराणसी में लाठी-डंडे और रॉड से हमला, महिलाओं समेत 8 घायल; पुलिस बल तैनात #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
