Una News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की गतिविधियां

ऊना। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला मुख्यालय ऊना स्थित भाजपा कार्यालय दीप कमल में जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी की भावी रणनीतियों, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने की जबकि सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मुख्य अतिथि सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा द्वारा आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर की बैठक के बाद अब मंडल स्तर पर भी बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा की।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 23:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की गतिविधियां #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar