एपस्टीन से रिश्तों पर बोले बिल गेट्स: 'अपनी गलती की जिम्मेदारी लेता हूं', फाउंडेशन ने जारी किया बयान
प्रमुख उद्योगपति और परोपकारी बिल गेट्स ने दिवंगत फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर सफाई दी है। गेट्स फाउंडेशन के एक टाउन हॉल कार्यक्रम में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि एपस्टीन से मिलना उनकी “बहुत बड़ी गलती” थी। इस बात की जानकारी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने दी। टाउन हॉल में मांगी माफी अमेरिकी अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, गेट्स ने कर्मचारियों से कहा कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और फाउंडेशन के अधिकारियों को भी उन बैठकों में शामिल करना गलत फैसला था। रिपोर्ट में टाउन हॉल की रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए बताया गया कि गेट्स ने कहा, “मैं अपनी गलती की वजह से जिन लोगों को इसमें घसीटा गया, उनसे माफी मांगता हूं।” डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के दस्तावेजों में अहम खुलासे अमेरिका के न्याय विभाग यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस द्वारा जारी दस्तावेजों से पता चला है कि एपस्टीन की सजा पूरी होने के बाद भी गेट्स और एपस्टीन की कई बार मुलाकात हुई थी। इन बैठकों में गेट्स की परोपकारी पहलों के विस्तार पर चर्चा हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे, जिनकी जानकारी बाद में एपस्टीन को हो गई थी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों का एपस्टीन की पीड़ितों से कोई संबंध नहीं था। गेट्स ने कर्मचारियों से कहा, “मैंने कोई अवैध काम नहीं किया और न ही कुछ अवैध होते देखा।” तस्वीरों पर भी दी सफाई डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के दस्तावेजों में कुछ तस्वीरें भी शामिल हैं, जिनमें गेट्स महिलाओं के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में महिलाओं के चेहरे धुंधले किए गए हैं। गेट्स ने कर्मचारियों को बताया कि ये तस्वीरें एपस्टीन के कहने पर उसकी सहायक महिलाओं के साथ मीटिंग के बाद ली गई थीं। उन्होंने जोर देकर कहा, “मैंने कभी भी एपस्टीन की पीड़ितों के साथ समय नहीं बिताया।”
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 10:36 IST
एपस्टीन से रिश्तों पर बोले बिल गेट्स: 'अपनी गलती की जिम्मेदारी लेता हूं', फाउंडेशन ने जारी किया बयान #TechDiary #National #BillGates #JeffreyEpstein #TechNewsHindi #SubahSamachar
