Bihar: उज्ज्वला योजना की आड़ में गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 105 सिलेंडर जब्त; प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
औरंगाबाद जिले में उज्ज्वला योजना की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने बुधवार को कुटुम्बा प्रखंड के रिसियप थाना क्षेत्र स्थित पहरा गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर, पासबुक और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध गैस कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि पहरा गांव में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और जमाखोरी का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर टीम गठित की गई और सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 105 भरे हुए गैस सिलेंडर, 90 गैस पासबुक, छह उज्ज्वला योजना के गैस चूल्हे, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला नोजल पाइप बरामद किया गया। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े विकास कुमार सिंह मौके से फरार हो गया। घर के अंदर बड़ी मात्रा में मिले भरे हुए सिलेंडर एसडीओ संतन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने घर के एक हिस्से को गैस एजेंसी जैसा रूप दे रखा था। दुकान में रिफिलिंग पाइप, गैस चूल्हे, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और अन्य उपकरण रखे गए थे, जबकि घर के अंदर बड़ी मात्रा में भरे हुए सिलेंडर जमा किए गए थे। प्रशासन को शक है कि इस अवैध कारोबार में किसी गैस एजेंसी या उससे जुड़े लोगों की मिलीभगत हो सकती है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। जब्त सभी सामान को रिसियप थाना लाया गया है और आरोपी विकास कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ये भी पढ़ें- Bihar: कारगिल के वीर सपूत नायक परमानंद सिंह का निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, अनधिकृत उपयोग और रिफिलिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। प्रशासन ने यह भी कहा कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से जरूरत के अनुसार ही गैस बुकिंग करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 18:51 IST
Bihar: उज्ज्वला योजना की आड़ में गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 105 सिलेंडर जब्त; प्रशासन की बड़ी कार्रवाई #CityStates #Crime #Bihar #Gaya #BiharNews #AurangabadNews #AurangabadGasBlackMarketing #UjjwalaYojanaScam #LpgRefillingRacket #BiharGasBlackMarket #IllegalLpgRefilling #AurangabadRaidNews #BiharAdministrationAction #SubahSamachar
