Bihar: ऑनलाइन और सेल्फ स्टडी का कमाल! अभिषेक चौहान ने UPSC में हासिल की 102वीं रैंक, बिहार का नाम किया रोशन
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा परिणाम घोषित हो गया है और बिहार के बच्चों ने एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। इस परीक्षा में हाजीपुर निवासी अभिषेक चौहान ने अपने दूसरे प्रयास में 102वीं रैंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की। अभिषेक की इस उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पिता और माता का प्रेरक योगदान अभिषेक के पिता अभय कुमार सिंह हाजीपुर स्थित आरएन कॉलेज में फिलॉसफी के प्रोफेसर हैं और नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में कुल सचिव के पद पर पदस्थापित हैं। अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उनकी माता अनुराधा राजपूत ने बताया कि उन्होंने बेटे की हर जरूरत का ख्याल रखा और पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने दी। अभिषेक को उनकी मां के हाथ का खाना बहुत पसंद है, इसलिए हर रोज वे अभिषेक के पसंद का खाना बनाती थीं। घर से की तैयारी और ऑनलाइन संसाधनों का इस्तेमाल अभिषेक ने पूरी तैयारी हाजीपुर के दिग्गी पश्चिमी इलाके स्थित अपने घर से की। उन्होंने बताया कि किताबों के अलावा उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और कोचिंग का भी इस्तेमाल किया। अभिषेक ने कहा कि घर से तैयारी करना उनके लिए आसान था और इससे उन्हें संतुष्टि मिली। उन्होंने यह भी कहा कि मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने के बावजूद उन्हें पब्लिक सर्विस का काम ज्यादा संतोषजनक लगा। अभिषेक ने दसवीं तक की पढ़ाई पुरुलिया स्थित राम कृष्ण मिशन स्कूल से की, जबकि 12वीं हाजीपुर से पूरी की। उन्होंने 12वीं में ही आईआईटी क्रैक किया और अपनी पढ़ाई पूरी कर एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी की। इसके बाद UPSC की तैयारी के लिए उन्होंने घर लौटकर पढ़ाई की और सफलता हासिल की। अभिषेक मूलरूप से समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर के रहने वाले हैं। उनके दादा गया सिंह राजा जान पंचायत के 25 साल तक मुखिया भी रह चुके हैं। अभिषेक की बड़ी बहन मेधा चौहान पीएचडी कर रही हैं और शादीशुदा हैं। जूलॉजी विषय से UPSC में सफलता अभिषेक ने जूलॉजी विषय से UPSC परीक्षा में सफलता हासिल की है, जो यह साबित करता है कि छोटे शहर और सीमित संसाधनों के बावजूद भी कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है। अभिषेक ने कहा कि उनकी सफलता में माता-पिता, दोस्त और तैयारी में साथ देने वाले सभी लोगों का योगदान है। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि घर पर बैठकर भी तैयारी संभव है और ऑनलाइन संसाधनों का सही उपयोग करके सफलता हासिल की जा सकती है। अभिषेक की उपलब्धि ने पूरे हाजीपुर और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल बना दिया है, और भारी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 19:10 IST
Bihar: ऑनलाइन और सेल्फ स्टडी का कमाल! अभिषेक चौहान ने UPSC में हासिल की 102वीं रैंक, बिहार का नाम किया रोशन #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #HajipurNews #VaishaliNews #HindiNews #BiharNews #SubahSamachar
