Black Out Bihar : आज वैशाली में कब रहेगा ब्लैकआउट? हवाई हमले से बचाव के लिए आपको किस तरह करनी है तैयारी?
वैशाली जिले में नागरिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देशानुसार, आज गुरुवार की संध्या 07:00 बजे से 07:15 बजे तक हाजीपुर में हवाई हमले से बचाव हेतु 'ब्लैकआउट मॉकड्रिल' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले के निर्धारित क्षेत्रों में सभी प्रकार की लाइटें पूर्णतः बंद रहेंगी। यह जानकारी जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दी। वर्षा सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संध्या 06:58 बजे दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद ठीक 07:00 बजे से 07:15 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि मॉकड्रिल के दौरान घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बिजली, जनरेटर, इन्वर्टर, मोबाइल फ्लैशलाइट, टॉर्च या किसी भी प्रकार के प्रकाश उपकरण का उपयोग न करें। सड़कों पर चलने वाले वाहनों को भी रोककर उनकी लाइटें बंद रखनी होंगी, जिसके लिए विशेष तैयारी की गई है। महात्मा गांधी सेतु पर विशेष व्यवस्था महात्मा गांधी सेतु पर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय के दौरान सेतु पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती कर वाहनों को रुकवाएं और उनकी लाइटें बंद कराएं। साथ ही, कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, हाजीपुर) को संध्या 06:58 से 07:15 बजे तक महात्मा गांधी सेतु एवं पटना जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। घबराएं नहीं, यह सिर्फ पूर्वाभ्यास है: जिलाधिकारी जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि यह मॉकड्रिल नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारी से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभ्यास है। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित समय पर लाइटें बंद रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक पूर्वाभ्यास कार्यक्रम है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। जनसहयोग से ही इस अभ्यास को सफल बनाया जा सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 13, 2026, 23:55 IST
Black Out Bihar : आज वैशाली में कब रहेगा ब्लैकआउट? हवाई हमले से बचाव के लिए आपको किस तरह करनी है तैयारी? #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #HajipurNews #VaishaliNews #HindiNews #BiharNews #SubahSamachar
