Bihar News: जमुई में दंगल का रोमांच चरम पर, दूसरे दिन हुए कई कड़े मुकाबले, चंदन पांडेय ने मारी बाजी
जमुई मुख्यालय के श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय माटी का बल दंगल के दूसरे दिन अखाड़ा जोश और उत्साह से भरा रहा। अलग अलग जिलों से आए पहलवानों ने अपने दांव पेंच और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कड़े मुकाबले हुए, जिनसे दर्शक रोमांचित हो उठे। विजेताओं को सम्मानित किया गया और पूरे आयोजन में पारंपरिक कुश्ती के प्रति लोगों का उत्साह साफ नजर आया। दूसरे दिन उमड़ी भीड़, अखाड़े में दिखा दम सुबह से ही स्टेडियम में दर्शकों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे ही पहलवान अखाड़े में उतरे, खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ गया। पहलवानों ने ताकत, तकनीक और संतुलन का बेहतरीन नमूना पेश किया। पुरुष वर्ग के 90 किलो से अधिक भार वर्ग में मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे। भोजपुर के चंदन पांडेय ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्हें खेल और आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह ने 5 किलो का चांदी का गदा और 1 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। कैमूर के शुभम कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि रूपेश कुमार सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। हर दांव पर दर्शकों की सांसें थमती नजर आईं। 80 से 90 किलो वर्ग में कांटे की टक्कर इस वर्ग में भी जबरदस्त मुकाबले हुए। पटना के सुधांशु कुमार ने अपनी फुर्ती और तकनीक के दम पर पहला स्थान पाया। कटिहार के करण दूसरे और मोतिहारी के रोशन कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इस वर्ग में खिलाड़ियों ने ताकत के साथ साथ रणनीति का भी अच्छा प्रदर्शन किया। ये भी पढ़ें:महाशिवरात्रि पर डिप्टी सीएम ने पहले किया रुद्राभिषेक, फिर सुनीं लोगों की समस्याएं महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम महिला वर्ग के मुकाबले भी कम रोमांचक नहीं रहे। 60 किलो से अधिक वर्ग में गोपालगंज की कल्पना तिवारी ने पहला स्थान हासिल किया। पटना की साध्वी कुमारी दूसरे और बेगूसराय की काजल कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। 50 से 60 किलो वर्ग में बेगूसराय की जुगनू भारद्वाज ने पहला, पटना की धनवंती कुमारी ने दूसरा और भागलपुर की नीलम कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। तालियों की गूंज के साथ समापन देर शाम फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। सभी विजेताओं को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूरे दिन स्टेडियम तालियों और उत्साह के नारों से गूंजता रहा। माटी का बल दंगल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक कुश्ती के प्रति आज भी गहरा लगाव और जुनून मौजूद है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 23:03 IST
Bihar News: जमुई में दंगल का रोमांच चरम पर, दूसरे दिन हुए कई कड़े मुकाबले, चंदन पांडेय ने मारी बाजी #CityStates #Bihar #Munger #JamuiNews #BiharNews #SubahSamachar
