Bihar News: छेड़खानी विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या और दो गिरफ्तार, इलाके में तनाव
बेतिया में बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। कहां और कैसे हुई घटना पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटना बैरिया थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा बैरा टोला की है। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पहले युवक के साथ मारपीट की गई और उसी दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। छेड़खानी बना विवाद की वजह घटना के बाद बेतिया सदर-2 के एसडीपीओ रजनीशकांत प्रियदर्शी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि विवाद की मुख्य वजह एक महिला के साथ छेड़खानी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और अंततः यह हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें युवक की जान चली गई। ये भी पढ़ें:जहानाबाद में ये सरकारी स्कूल या मनमर्जी का अड्डा शिक्षक ही तय करते हैं पढ़ाई का समय! पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले को जल्द सुलझाने का दावा कर रही है। परिजनों का दावा, पुराने संबंध भी जांच के दायरे में मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कुछ अलग पहलू भी सामने रखे हैं। उनके अनुसार, मृतक और आरोपी पहले एक-दूसरे को जानते थे और साथ में शराब के अवैध कारोबार से भी जुड़े हुए थे। परिजनों ने यह भी बताया कि मृतक राधेश्याम यादव पहले दो बार जेल जा चुका था। इस जानकारी के बाद पुलिस अब मामले के आपराधिक और व्यक्तिगत दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से आक्रोशित लोगों ने बीच सड़क पर सामान रखकर आगजनी शुरू कर दी, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया है। पुलिस हालात को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 11:59 IST
Bihar News: छेड़खानी विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या और दो गिरफ्तार, इलाके में तनाव #CityStates #Muzaffarpur #Bihar #BiharNews #SubahSamachar
