Bihar news: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, गले पर निशान भी मिला; ससुराल पक्ष वाले मौके से फरार

पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है, जो धनरपा चौक, सबुनी टोला की निवासी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर का मुख्य दरवाजा बाहर से ताला बंद था। काफी देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तुड़वाया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। पिंकी देवी का शव पलंग पर पड़ा मिला। उनके गले पर गहरे निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। पढ़ें:540 करोड़ की धरोहर के बाद अब हवाई कनेक्टिविटी से चमकेगा वैशाली, बौद्ध पर्यटन को मिलेगी उड़ान घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने मृतका के ननिया ससुर हरिलाल राउत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के हर पहलू की जांच की जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता राजेश राउत परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रागिनी कुमारी और संबंधित थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बगहा से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र कर जांच में जुटी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। एक ओर परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 21, 2026, 12:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar news: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, गले पर निशान भी मिला; ससुराल पक्ष वाले मौके से फरार #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #TodayNews #PoliceInvestigation #NewsBettiahNewsBihar #BettiahNews #BettiahHindiNews #BettiahViralNews #BettiahLatestNews #BiharNews #SubahSamachar