बेमेतरा : पति रोज करता था मारपीट, पत्नी ने सोते समय घोंटा गला, फिर लोहे के मुसर से किया वार

बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने आज शुक्रवार को सुलझा ली। जिस पत्नी ने रात में फोन कर ससुर को बताया था कि उनका बेटा छत पर अजीब हालत में पड़ा है, वही अपने पति की कातिल निकली। पुलिस पूछताछ में महिला ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।जानकारी के अनुसार करमतरा निवासी अमरिका दास कोठारी ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बड़ा बेटा हरीचंद कोठारी रायपुर में काम करता था। शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे बहू कैलाशी बाई का फोन आया कि हरीचंद छत पर पड़ा है और उसकी हालत ठीक नहीं है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो हरीचंद मृत अवस्था में मिला। उसके गर्दन पर चोट के निशान थे तथा सिर के पीछे खून जमा हुआ था।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साजा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने मृतक की पत्नी कैलाशी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर टूट गई और हत्या की पूरी कहानी उगल दी।आरोपिया ने बताया कि उसका पति हरीचंद आए दिन उससे निजी बातों को लेकर विवाद करता था और मारपीट भी करता था। लगातार हो रहे झगड़ों से वह परेशान हो चुकी थी। गुरुवार रात जब हरीचंद सो गया तो उसने पहले उसका गला दबाया। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए लोहे के मुसर से सिर और गर्दन के पास दो से तीन वार कर दिए।हत्या के बाद उसने घटना को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की और परिजनों को फोन कर सूचना दी। हालांकि पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ गई। आरोपिया के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का मुसर और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं।पुलिस ने आरोपिया कैलाशी बाई कोठारी (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, एसआई बनवारी लाल सोनकर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक चंचल पाण्डेय समेत थाना साजा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 05, 2026, 19:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बेमेतरा : पति रोज करता था मारपीट, पत्नी ने सोते समय घोंटा गला, फिर लोहे के मुसर से किया वार #CityStates #Crime #Bemetara #SubahSamachar