Jabalpur: शादी का झांसा देकर कत्थक नृत्यांगना की लूटी अस्मत, नवजात के जन्म के बाद युवक पर केस दर्ज
देश-विदेश में प्रस्तुति देने वाली 29 वर्षीय कत्थक नृत्यांगना को दुबई में महाराष्ट्र निवासी युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर जबलपुर समेत कई शहरों में उसका यौन शोषण किया। आरोपी ने न केवल मंदिर में अंगूठी पहनाकर कोर्ट मैरिज का दावा किया, बल्कि युवती के गर्भवती होने और नवजात शिशु के जन्म के बाद अब शादी से साफ मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने अब ग्वारीघाट थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय युवती कत्थक डांसर है। साल 2023 में वह एक शो के सिलसिले में दुबई गई थी। वहां उसकी पहचान नासिक महाराष्ट्र निवासी शोहसिन हसीन इकबाल सैय्यद पिता इकबाल कादिर सैयद (41) से हुई। दुबई के बाद जब युवती मुंबई आई, तो आरोपी ने वहां भी उससे मुलाकात की और उसके नृत्य की खूब प्रशंसा की। इसी प्रशंसा और मुलाकातों के जरिए आरोपी ने युवती का भरोसा जीत लिया। इसके बाद नवंबर 2023 में जब युवती जबलपुर लौट रही थी, तब आरोपी काम का बहाना बनाकर उसके साथ शहर आ गया। यहां ग्वारीघाट स्थित आकाश होटल में रुककर उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाया। आरोपी ने युवती के परिजनों से मिलकर शादी का प्रस्ताव भी रखा, जिससे परिवार को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी उसे ग्वारीघाट स्थित आकाश गंगा होटल ले गया और शादी का झांसा देकर पहली बार दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे मुंबई और नासिक भी ले गया। नासिक में उसने एक मंदिर में युवती को अंगूठी पहनाई और वादा किया कि वे जल्द ही धूमधाम से शादी करेंगे। उसने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज तैयार करने का भी दावा किया था। पढ़ें:11 साल के मासूम का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शव; पूरे इलाके में दहशत गर्भावस्था में दिया धोखा जून 2024 में युवती गर्भवती हो गई। इस कठिन समय में युवती बीमार भी रही और उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया। आरोपी उसे जल्द शादी का आश्वासन देकर वापस चला गया, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया। इस बीच युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया। जब पीड़िता ने फिर से संपर्क किया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ मना कर दिया। अपने साथ हुए इस बड़े धोखे के बाद पीड़िता ने ग्वारीघाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी शोहसिन हसीन इकबाल सैय्यद के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 18:53 IST
Jabalpur: शादी का झांसा देकर कत्थक नृत्यांगना की लूटी अस्मत, नवजात के जन्म के बाद युवक पर केस दर्ज #CityStates #Crime #Jabalpur #MadhyaPradesh #MpNews #SubahSamachar
