बीडीसी बैठक: समस्याओं पर अधिकारियों को घेरा

कीर्तिनगर। विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख अचला खंडेवाल की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं पर अधिकारियों को घेरा और समाधान की मांग की। बैठक में विधायक विनोद कंडारी ने चौकी डागर में स्वीकृत स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि चयन की बात कही व ब्लॉक सभागार की मरम्मत, साज-सज्जा और साउंड सिस्टम के लिए 24 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। प्रधान संगठन अध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने स्वास्थ्य समितियों के आय-व्यय पर संयुक्त बैठक बुलाने और जीवीके परियोजना क्षेत्र के पास भू-स्खलन प्रभावित मार्ग पर सुरक्षा कार्य कराने की मांग उठाई। जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने नौड़ा-धौलियाणा, रिगोली हलपड़ा और सिरवाड़ी सड़कों का निर्माण शुरू न होने पर नाराजगी जताई। प्रधान सुरेश सिंह ने पीएचसी बैंजवाड़ी में चिकित्सकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया जिस पर प्रभारी चिकित्साधिकारी आकाश दीप ने डॉक्टरों की तैनाती की जानकारी दी। प्रधान धारकोट राम सिंह चौहान ने धारीढुंडसिर अस्पताल में एंबुलेंस तैनात करने और प्रधान मलेथा रश्मि रावत ने जीआईसी मलेथा में शिक्षकों के पद सृजित करने व अतिथि गृह निर्माण की मांग की। उन्होंने इंडेन गैस एजेंसी श्रीनगर पर गैस आपूर्ति में लापरवाही का आरोप भी लगाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन चौहान ने नेटवर्क समस्या से गैस बुकिंग में दिक्कत, पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने और थापली में पुश्ता टूटने का मामला उठाया। बैठक में जर्जर स्कूल भवन, ग्रामीण सड़कें, पेयजल संकट, राशन कार्ड, पेड़ों की लॉपिंग, बेसहारा पशुओं और बंदरों के उत्पात जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान विधायक विनोद कंडारी को सम्मानित किया गया। बैठक में डीडीओ मोहम्मद असलम, डीपीआरओ मोहम्मद मुस्तफा खान, बीडीओ सुमन लता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 22:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बीडीसी बैठक: समस्याओं पर अधिकारियों को घेरा #BDCMeeting:OfficialsCorneredOverProblems Kirtinagar #SubahSamachar