फिलीपींस में पंजाबी की हत्या: हमलावरों ने मनप्रीत को गोलियों से भूना, 3 साल पहले हुई थी शादी, बरनाला में मातम

पंजाब के व्यक्ति की विदेश में हत्या हुई है। बरनाला के मनप्रीत सिंह उर्फ मनी (33) की फिलीपींस की राजधानी मनीला में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसे गोलियों से भून दिया। मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने उस पर छह गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मनप्रीत सिंह शादीशूदा था। उसकी पत्नी बरनाला में परिवार के साथ रहती है। बरनाला के संधू पट्टी निवासी हरदेव सिंह के बेटे मनप्रीत सिंह 2017 में नौकरी की तलाश में मनीला गया था। वह अपने परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए विदेश में मेहनत कर रहा था। चार महीने पहले वह दिवाली के मौके पर बरनाला अपने घर आया था और एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर 9 अक्तूबर को वापस मनीला लौट गया था। परिजनों ने बताया कि मनप्रीत सिंह रोजाना की तरह काम पर जा रहा था, तभी सुनसान जगह पर मोटरसाइकिल पर आए तीन हमलावरों ने उसे अकेला देखकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने उस पर छह गोलियां चलाईं और फरार हो गए। मनीला पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक की मां परमजीत कौर, पिता हरदेव सिंह, दादी जोगिंदर कौर और पत्नी वीरपाल कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को मोबाइल फोन के जरिए बेटे की हत्या की सूचना मिली। परिवार ने बताया कि मनप्रीत की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। मनप्रीत अपने परिवार माता-पिता, दादी, पत्नी और एक छोटा भाई है। रोते-बिलखते परिजनों ने केंद्र और पंजाब सरकार से मांग की है कि उनके बेटे के शव को मनीला से बरनाला लाने में मदद की जाए, ताकि वे धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर सकें। साथ ही परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 11, 2026, 15:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फिलीपींस में पंजाबी की हत्या: हमलावरों ने मनप्रीत को गोलियों से भूना, 3 साल पहले हुई थी शादी, बरनाला में मातम #Crime #Chandigarh-punjab #Manila #Philippines #Murder #Punjab #SubahSamachar