राजस्थान: चार क्विंटल की तिजोरी चोरी मामले में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, सात राज्यों तक फैला नेटवर्क

बारां में अंता थाना क्षेत्र के एक मकान से चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मध्य प्रदेश के गुना जिले के रहने वाले इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या छह हो गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ कई राज्यों में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश की गुना जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया है। अंता में मकान से चोरी हुई थी चार क्विंटल वजनी तिजोरी पुलिस के अनुसार, अंता थाना क्षेत्र में 6 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाया था। बदमाश मकान के मुख्य गेट और गैलरी का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद वे पूजा घर में रखी करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी चुराकर ले गए। तिजोरी में 5.50 लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन, सोने की तीन अंगूठियां और संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी से सात हजार रुपये नकद भी चुरा लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर 7 जुलाई को अंता थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। गुना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर किया गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के पर्यवेक्षण और थानाधिकारी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों से पूछताछ की और तकनीकी जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि मध्य प्रदेश के गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र के खेजरा गांव निवासी अम्बाराम पारदी का पुत्र रामदास पारदी और बिलाखेड़ी निवासी शेरु पारदी का पुत्र गिर्राज पारदी धरनावदा थाने में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर गुना जिला जेल में बंद हैं। इसके बाद बारां पुलिस ने अदालत से दोनों आरोपियों को पेश करने के लिए प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। पुलिस दोनों को गुना जिला जेल से बारां लेकर आई। अंता में हुई तिजोरी चोरी की वारदात के संबंध में पूछताछ करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। चार राज्यों में गिर्राज, सात राज्यों में रामदास के खिलाफ मामले दर्ज पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर और आदतन अपराधी हैं। गिर्राज पारदी वर्ष 2011 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास के सात मामले दर्ज हैं। वहीं, रामदास पारदी वर्ष 2004 से लगातार गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास के कुल 16 मामले दर्ज हैं। इस तरह दोनों आरोपियों के खिलाफ सात राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की तलाश में जुटी पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी गई तिजोरी, नकदी, सोने के आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी के लिए भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 29, 2026, 11:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजस्थान: चार क्विंटल की तिजोरी चोरी मामले में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, सात राज्यों तक फैला नेटवर्क #CityStates #Baran #Rajasthan #RajasthanNews #SubahSamachar