ग्रेटर नोएडा: सड़क किनारे बेसुध मिले युवक को एडीसीपी ने सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, बची जान
कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर पुलिस के एडीसीपी मुख्यालय सुधीर कुमार की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय से एक बैंक कर्मचारी की जान बच गई। घटना सूरजपुर क्षेत्र के पास की है। जहां सड़क किनारे एक युवक घायल अवस्था में बेसुध पड़ा था। ड्यूटी के दौरान वहां से गुजर रहे एडीसीपी सुधीर कुमार की नजर युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में समय रहते इलाज शुरू होने से उसकी जान बच गई। चिकित्सकों ने भी माना कि यदि घायल को अस्पताल पहुंचाने में और देर होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घायल की पहचान इंडियन बैंक कर्मचारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर कर्मचारी के परिजनों ने एडीसीपी सुधीर कुमार और कमिश्नरेट पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने उनके परिवार को बड़ी राहत दी है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 16:36 IST
ग्रेटर नोएडा: सड़क किनारे बेसुध मिले युवक को एडीसीपी ने सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, बची जान #CityStates #Noida #GreaterNoida #GreaterNoidaNews #NoidaNews #SubahSamachar
