Una News: घुमंतू गुज्जरों और बिना अनुमति फेरी लगाने वालों के प्रवेश पर रोक
बड़ूही (ऊना)। विकास खंड अंब के तहत ग्राम पंचायत टकारला में बुधवार को पंचायत प्रधान रत्न चंद और उपप्रधान अशोक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायत क्षेत्र में घुमंतू गुज्जरों के प्रवेश और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।पंचायत ने निर्णय लिया कि घुमंतू गुज्जरों के पंचायत क्षेत्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बैठक में बाहरी क्षेत्रों से आकर फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को लेकर भी नियम तय किए गए। पंचायत ने स्पष्ट किया कि कोई भी फेरी वाला पंचायत की अनुमति के बिना क्षेत्र में फेरी नहीं लगा सकेगा। फेरी के इच्छुक लोगों को पहले पंचायत से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अनुमति के लिए 200 रुपये मासिक शुल्क निर्धारित किया गया है। अनुमति प्राप्त करने के बाद ही संबंधित व्यक्ति पंचायत क्षेत्र में फेरी लगाकर सामान बेच सकेगा। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति फेरी लगाते हुए पकड़ा जाता है तो पहली बार 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को पंचायत क्षेत्र में फेरी लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। प्रधान रत्न चंद ने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और ग्रामीणों की सुविधा को बनाए रखना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 23:34 IST
Una News: घुमंतू गुज्जरों और बिना अनुमति फेरी लगाने वालों के प्रवेश पर रोक #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
