Mandi News: पोलियो अभियान में बलद्वाड़ा ब्लॉक जिलेभर में अव्वल
104 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर बनाया नया रिकॉर्ड संवाद न्यूज एजेंसी सरकाघाट (मंडी)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बलद्वाड़ा स्वास्थ्य खंड ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर 104 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।बीएमओ बलद्वाड़ा डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत कुल 36 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। इनमें 34 बूथ बलद्वाड़ा क्षेत्र और दो बूथ सरकाघाट क्षेत्र में बनाए गए थे। विभाग ने 5,598 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जबकि स्वास्थ्य कर्मियों ने 5,877 बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की।उन्होंने बताया कि इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवकों की टीम भावना और समर्पित प्रयासों को जाता है। अभियान के दौरान रविवार को किसी कारणवश पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह गए बच्चों को सोमवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर दवा पिलाई, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से छूट न जाए। सीएमओ मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने बीएमओ डॉ. अनिल कुमार शर्मा सहित पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 17:14 IST
Mandi News: पोलियो अभियान में बलद्वाड़ा ब्लॉक जिलेभर में अव्वल #BaldwaraBlockTopsTheDistrictInPolioCampaign #SubahSamachar
