धार्मिक पर्यटन विकास योजना से संवरेगा बज्रेश्वरी मंदिर : काजल

कांगड़ा। शक्तिपीठ मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर और कांगड़ा शहर को केंद्र सरकार की धार्मिक पर्यटन विकास योजना के तहत एक मास्टर प्लान के जरिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यह बात विधायक पवन काजल ने शनिवार को माता की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नगरकोट की वैश्विक पहचान यहां स्थित शक्तिपीठ से है, इसलिए श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मां बज्रेश्वरी की जयंती के उपलक्ष्य पर शनिवार को नेहरू चौक में स्थानीय व्यापारियों ने भंडारे का आयोजन किया। इसमें विधायक पवन काजल ने शिरकत कर न केवल केक काटकर माता का जन्मोत्सव मनाया, बल्कि श्रद्धालुओं को कांगड़ी धाम परोसकर लंगर सेवा भी की। उन्होंने व्यापारियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इस जयंती को पूरे शहर के सहयोग से और भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। विधायक ने शहरवासियों को संबोधित करते हुए विकास की रूपरेखा साझा की मास्टर प्लान के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण और शहर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने नगर को साफ-सुथरा रखने और आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष रमेश महेशी, नवनीत शर्मा, रितेश ग्रोवर, शंकर, सत प्रकाश सोनी, नरेंद्र कालू, मुकेश मेहरा और अनुपम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jan 31, 2026, 19:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




धार्मिक पर्यटन विकास योजना से संवरेगा बज्रेश्वरी मंदिर : काजल #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar