Una News: बैली ब्रिज का मरम्मत कार्य शुरू
ऊना। रामपुर में बैली ब्रिज की हालत बिगड़ने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। पुल के टूटे नेट-बोल्ट बदले जा रहे हैं जबकि टेढ़ी हुई संरचना को दोबारा संतुलित और मजबूत बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।दरअसल, यह बैली ब्रिज केवल 15 टन भार क्षमता के लिए बनाया गया था लेकिन लंबे समय से इस पर 50 टन तक के भारी वाहन और ओवरलोड टिपर धड़ल्ले से गुजर रहे थे। लगातार बढ़ते दबाव के कारण पुल की संरचना कमजोर पड़ गई। हालात तब गंभीर हुए जब पुल झुकने लगा और इसके नेट-बोल्ट टूट गए। इसके बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग हरकत में आया।पुल की खराब स्थिति के चलते फिलहाल आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे आसपास के गांवों के लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केएस ठाकुर ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और काम पूरा होते ही पुल पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। साथ ही भविष्य में ओवरलोड वाहनों पर सख्ती करने की बात भी कही जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 23:48 IST
Una News: बैली ब्रिज का मरम्मत कार्य शुरू #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
