Baghpat: कुर्बानी को लेकर हंगामा! बिजली कर्मियों पर पथराव
बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले में बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को विरोध और पथराव का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पथराव में दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। बताया गया कि बुधवार देर रात इलाके में बिजली फॉल्ट हो गया था। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम बृहस्पतिवार दोपहर फॉल्ट ठीक करने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। कर्मचारियों से कहा गया कि पहले कुर्बानी होगी, उसके बाद बिजली जोड़ी जाएगी। विरोध बढ़ने पर कर्मचारियों को काम रोकना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कर्मचारियों पर पथराव किया गया। इस बीच खंभे पर लगी सीढ़ी भी हटाकर फेंक दी गई। स्थिति बिगड़ती देख विद्युत कर्मचारी वहां से हट गए। हंगामे के दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध कर रहे एक व्यक्ति का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। पथराव में अधिवक्ता गुलफाम घायल हो गए। वहीं नवाब और नगर पालिका की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने धारदार हथियार दिखाकर धमकी भी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अवर अभियंता जेपी यादव ने बताया कि रात में बिजली फॉल्ट आने के कारण कर्मचारी मरम्मत कार्य के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आपसी रंजिश के चलते कुछ लोगों के बीच विवाद और पथराव हो गया। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में फॉल्ट ठीक कराया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 12:21 IST
Baghpat: कुर्बानी को लेकर हंगामा! बिजली कर्मियों पर पथराव #ShortVideos #UttarPradesh #BaghpatNews #MughalpuraClash #PowerFaultRepair #StonePelting #ElectricityDepartment #UpPolice #LocalDispute #VehiclesDamaged #AdvocateInjured #TensionInArea #SubahSamachar
