Ujjain News: भस्म आरती में त्रिनेत्र और त्रिपुंड से सजे बाबा महाकाल, भक्तों को दिए दर्शन
फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर आज सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार मे हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने देर रात से ही लाइन मे लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। आज बाबा महाकाल भी भक्तो को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे। जिनका भस्म रमाकर आकर्षक श्रंगार किया गया। भक्तो ने इन दर्शनों का लाभ लिया जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर मे फाल्गुन माह कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर आज सोमवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलते ही पण्डे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन अर्चन किया। जिसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का आकर्षक स्वरूप मे श्रृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया। जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई और फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्मारती हुई। आज के श्रृंगार की विशेषता यह थी कि आज बाबा महाकाल का चन्द्रमा, बेल पत्र और त्रिपुण्ड और त्रिनेत्र से दिव्य श्रंगार किया गया था। आज बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ हजारों भक्तों ने लिया और जय श्री महाकाल का जयघोष भी किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं। भारतीय क्रिकेटर ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किये भारतीय क्रिकेट खिलाडी ऋतुराज गायकवाड़ ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकाल जी के दर्शन किये। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया द्वारा ऋतुराज गायकवाड़ का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 02, 2026, 04:10 IST
Ujjain News: भस्म आरती में त्रिनेत्र और त्रिपुंड से सजे बाबा महाकाल, भक्तों को दिए दर्शन #CityStates #MadhyaPradesh #Ujjain #MahakalMakeup #AshAartiMahakal #BabaMahakal #BhasmaAarti #SubahSamachar
