Haridwar News: एटीएम का लॉक तोड़कर चोरी का प्रयास, संदिग्ध सीसीटीवी में कैद
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी में स्थित एटीएम को निशाना बनाकर अज्ञात व्यक्ति ने चोरी का प्रयास किया। एटीएम का लॉक तोड़ दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कुलदीप जोशी पुत्र प्रयागदत्त जोशी निवासी रावली महदूद सिडकुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एटीएम में कैश लोडिंग का कार्य करते हैं। रविवार सुबह करीब 10:17 बजे शिवलोक कॉलोनी के एक दुकानदार ने फोन पर सूचना दी कि एटीएम का लॉक टूटा हुआ है और रात में किसी ने अंदर घुसने की कोशिश की है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और एटीएम कियोस्क का निरीक्षण किया।जांच में पाया गया कि एटीएम का बाहरी लॉक क्षतिग्रस्त था। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम कियोस्क में प्रवेश करता दिखाई दिया। फुटेज में संदिग्ध पहले अंदर घुसता है और फिर शटर बंद करता नजर आ रहा है। चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वह सफल नहीं हो सका। कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 13:57 IST
Haridwar News: एटीएम का लॉक तोड़कर चोरी का प्रयास, संदिग्ध सीसीटीवी में कैद #AttemptToStealByBreakingTheLockOfATM #SuspectCaughtOnCCTV #SubahSamachar
