Haldwani: शीशे से काली फिल्म उतारने के विरोध में महिला एसआई को कुचलने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
हल्द्वानी केनैनीताल रोड पर तिकोनिया चौराहा के पास रविवार रात खड़ी संदिग्ध सफारी कार के शीशे पर लगे काली फिल्म को उतारते समय चालक ने महिला एसआई आरती से दुर्व्यवहार किया। पुलिस वाहन से चालान मशीन लेकर एसआई जैसे ही लौटी चालक ने उनके साथ ही होमगार्ड के जवान पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। किसी तरह दोनों ने जान बचाई। इसके बाद चालक भाग गया। भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी पर तैनात एसआई आरती ने सोमवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह और होमगार्ड जवान कुबेर रविवार रात पुलिस वाहन से गश्त कर रहे थे। रात में साढ़े 11 बजे के करीब उन्हें तिकोनिया चौराहे पर एक सफारी वाहन खड़ा मिला। इसके शीशे पर काली फिल्म चढ़ी थी। इसके बारे में पूछने पर चालक ने धमकी देना शुरू कर दिया। इस बीच उन्होंने वाहन की काली फिल्म उतार दी तो चालक ट्रांसफर कराने और वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। चालान करने के लिए आरती अपने वाहन से मशीन लेकर आईं और सफारी की फोटो खींचने लगी तो चालक ने तेजी से गाड़ी चलाते हुए उन्हें और होमगार्ड जवान को कुचलने का प्रयास किया। दोनों ने पीछे हटकर जान बचाई। घटना चौराहे पर स्थित कबाब की दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता ने बताया चालक की पहचान लालकुआं के मोटाहल्दू के रहने वाले युवक के रूप में की गई है। जल्द की उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यह घटना गंभीर है। जानबूझकर राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए लोक सेवक को जान से मारने की कोशिश की गई। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। - मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी पर भी वाहन चढ़ाने की हुई थी कोशिश पांच दिसंबर 2025 को भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी के तत्कालीन प्रभारी अनिल कुमार टीम के साथ तिकोनिया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्काॅर्पियो वाहन को रोका तो उसका चालक शराब के नशे में मिला। इस दौरान चालक ने चौकी प्रभारी को कुचलने की कोशिश किया। उन्होंने किनारे की ओर दौड़कर जान बचाई। इसमें उनका हाथ फ्रैक्चर हुआ। रात में बंद होती हैं दुकान तो यहां चहल-पहल क्यों पुलिस ने शहर के अंदर दुकानों को रात में नौ बजे के बाद बंद करने का मौखिक फरमान दिया था। कई चौराहों पर इसका पालन भी हो रहा है लेकिन तिकोनिया चौराहे पर आधी रात तक धमाचौकड़ी चलती रहती है। यहां सड़क किनारे वाहन खड़ाकर लोग खुलेआम शराब पीते दिख जाते हैं। इसके बाद भी पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं करती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 12, 2026, 09:46 IST
Haldwani: शीशे से काली फिल्म उतारने के विरोध में महिला एसआई को कुचलने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना #CityStates #Nainital #UttarakhandNews #UkNews #HaldwaniNews #TikoniaChaurahaIncident #WomanSiAttack #SafariCarControversy #PoliceChecking #BlackFilmOnCar #SubahSamachar
