Kangra News: खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के लिए एथलेटिक्स ट्रायल 25 जुलाई को
धर्मशाला। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से संचालित खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर (एथलेटिक्स) के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर 25 जुलाई को ट्रायल होंगे। यह ट्रायल सुबह नौ बजे से खेल परिसर धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ट्रैक में होगा। इसमें 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, हालांकि चयन में 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि ट्रायल में जिला कांगड़ा के पात्र खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी। अंतिम चयन खेलो इंडिया योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता और खेल कौशल के आधार पर पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगा। ट्रायल में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ जन्म तिथि प्रमाण पत्र, विशिष्ट पहचान पत्र (आईडी), स्थायी निवास प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) और दो नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाने अनिवार्य होंगे।चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया सेंटर के तहत निशुल्क खेल प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स किट और आधुनिक खेल उपकरण दिए जाएंगे। हालांकि, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, डाइट या दैनिक खर्च विभाग वहन नहीं करेगा। साथ ही ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को कोई यात्रा या दैनिक भत्ता भी नहीं दिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 21, 2026, 18:38 IST
Kangra News: खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के लिए एथलेटिक्स ट्रायल 25 जुलाई को #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews # #SubahSamachar
