फरीदाबाद में पकड़ा पाकिस्तानी आतंकी का करीबी: छाँयसा यमुना पार से दबोचा, ग्रेनेड-आरडीएक्स मामले में था वांछित

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद से कुलवंत अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में रहकर देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने और आतंकी साजिश रचने का आरोप है। वह मूल रूप से पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला है। आरोपी को छाँयसा यमुना पार से पंचायती झुग्गी बस्ती से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुलवंत अली 13 सितंबर 2026 को पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाना क्षेत्र में हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित था। इसके अलावा राजस्थान के श्रीगंगानगर में आठ किलो आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी उसकी तलाश की जा रही थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे आकाओं और खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश में शामिल था। शहजाद भट्टी के नेटवर्क से उसके कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्कों, आर्थिक मदद और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में सीमापार से संचालित नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी को पंचायती झुग्गी छाँयसा यमुना पार से पंजाब पुलिस और स्थानीय पुलिस ने बुधवार को दबोचा था। यहाँ वह अपनी बुआ के घर ठहरा हुआ था। आरोपी आईएसआई का एजेंट है या नहीं, यह पंजाब पुलिस ही बताएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 29, 2026, 11:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फरीदाबाद में पकड़ा पाकिस्तानी आतंकी का करीबी: छाँयसा यमुना पार से दबोचा, ग्रेनेड-आरडीएक्स मामले में था वांछित #CityStates #DelhiNcr #FaridabadNews #DelhiNcrNews #SubahSamachar