पालम में सेंधमारी का खुलासा: असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट गिरफ्तार, शराब की लत में बना चोर; चार मामले सुलझे
दक्षिण-पश्चिम जिला के पालम थाना पुलिस ने सेंधमारी के मामले में एक असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान द्वारका निवासी लकी के रूप में हुई है। आरोपी ने तीन महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी और शराब की लत पूरी करने के लिए सेंधमारी करने लगा। पुलिस ने उसके कब्जे से पानी की मोटर, मोबाइल एक्सेसरीज और तांबे के तार बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने चार मामले सुलझाने का दावा किया है। जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि घरों में चोरी और सेंधमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पालम थाना पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त मुखबिरों को सक्रिय किया और सभी घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसी दौरान पुलिस को फुटेज में दिख रहे आरोपी के पालम गांव रेलवे स्टेशन इलाके के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेजे कॉलोनी, द्वारका निवासी 34 वर्षीय लकी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चोरी की पानी की मोटर भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर सेंधमारी के अन्य मामलों से जुड़ी चोरी की संपत्ति भी बरामद की। जांच में सामने आया कि आरोपी लकी शराब का आदी है। वह पहले गुरुग्राम में असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में काम करता था, लेकिन करीब तीन महीने पहले नौकरी छोड़ दी। इसके बाद वह अपनी शराब की लत और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए चोरी और सेंधमारी करने लगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 18:33 IST
पालम में सेंधमारी का खुलासा: असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट गिरफ्तार, शराब की लत में बना चोर; चार मामले सुलझे #CityStates #Delhi #AssistantPhysiotherapistArrested #BurglaryInPalam #DelhiCrimeNews #DelhiPolice #DelhiLatestNews #SubahSamachar
