Assam Congress: गौरव गोगोई ने कांग्रेस में मतभेद की बात को किया खारिज, बोरदोलोई के इस्तीफे पर क्या बोले?
सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे को लेकर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, किसी भी पार्टी के अंदर मतभेद होते हैं। हम सभी ने मतभेदों का सामना किया है और अपनी मजबूत राय रखी है। मुझे नहीं लगता कि एक सीट को लेकर मतभेद किसी पार्टी को छोड़कर विरोधी दल में जाने की वजह हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, दो दिन पहले ही मैं लखीमपुर जिले में था, जहां भूपेन बोरा इस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट मांग रहे हैं। मैंने कांग्रेस पार्टी की लोकप्रियता में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी है, साथ ही संगठन की ताकत भी बढ़ी है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस पार्टी असम के लोगों के विचार और इच्छा के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी अगली सरकार बनाएगी। गोगोई ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है। महज दो साल पहले कांग्रेस पार्टी ने उन्हें नौगांव से लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने का अवसर दिया था। वह मौजूदा सांसद हैं। नौगांव की जनता ने उन्हें वोट दिया था। मौजूदा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उनके परिवार के एक सदस्य को विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया है। इस तरह परिवार को एक ही समय में लोकसभा और विधानसभा दोनों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इसके बावजूद उन्होंने ऐसा फैसला लिया। यह उनका निजी फैसला है। यह चुनाव एक व्यक्ति से कहीं अधिक अहम है। यह हिमंत बिस्व सरमा के चंगुल से असम को मुक्त कराने का चुनाव है। ये भी पढ़ें:तमिलनाडु में DMK ने पांच सीटें सीपीआई को दीं; बंगाल में ममता बनर्जी को BJP की चुनौती असम को हिमंत बिस्व सरमा की डर और धमकी की राजनीति से मुक्त कराने का चुनाव है। इसलिए असम की जनता हिमंत बिस्व सरमा को मुख्यमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहती है। हमें जबरदस्त समर्थन मिला है। हमें पूरा भरोसा है कि हम एक मजबूत सरकार बनाएंगे। डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौरव गोगोई का स्वागत किया। समर्थकों ने नारे लगाए और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए, खासकर जमीन से जुड़े घोटालों और प्रशासनिक अनियमितताओं का जिक्र किया। गोगोई ने कहा कि राज्य सरकार विकास के नाम पर जनता के हितों की अनदेखी कर रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस नेता ने कहा, अभी दो दिन पहले ही मैं लखीमपुर जिले में था। यह वही जिला है, जहां से भूपेन बोरा इस समय भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। मैंने कांग्रेस पार्टी की लोकप्रियता में, साथ ही कांग्रेस पार्टी की संगठन शक्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस पार्टी असम की जनता के विचारों और इच्छाओं के अनुरूप काम कर रही है। वहां के लोग 'माफिया राज', 'नशा राज', 'सिंडिकेट राज' और हिमंत बिस्व सरमा के भ्रष्ट शासन का अंत देखना चाहते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 18, 2026, 13:52 IST
Assam Congress: गौरव गोगोई ने कांग्रेस में मतभेद की बात को किया खारिज, बोरदोलोई के इस्तीफे पर क्या बोले? #IndiaNews #International #SubahSamachar
