गोल्डन टेंपल पहुंचे केजरीवाल: हरिमंदिर साहिब में टेका माथा, कोर्ट से राहत के बाद किया शुक्राना, सीएम मान साथ

अदालत से बरी किए जाने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अमृतसर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर अरदास की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। दरबार साहिब परिसर में माथा टेकने के बाद दोनों नेताओं ने कुछ समय गुरुद्वारा परिसर में बिताया। बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह गुरु घर में शुक्राना अदा करने आए हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के हालिया फैसले के बाद वह गुरु के दरबार में आकर धन्यवाद देने पहुंचे हैं। केजरीवाल ने कहा कि यह सब वाहेगुरु की कृपा से संभव हुआ है और उनके आशीर्वाद के बिना कुछ भी संभव नहीं। उन्होंने बताया कि जीवन में जब भी कोई महत्वपूर्ण घटना होती है, वह गुरु के दरबार में आकर माथा टेकते हैं। इस बार भी वह अपने परिवार के साथ यहां पहुंचे हैं और अरदास की है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकने आ चुके हैं, लेकिन इस बार का दौरा उनके लिए खास है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और लोगों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। मान ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक कंपनियां पंजाब में आएं और युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी कई योजनाएं लागू की गई हैं। भगवंत मान ने कहा कि शुक्रवार13 मार्च से इन्वेस्ट पंजाब समिट शुरू हो रहा है, जो 15 मार्च तक चलेगा। इसमें न केवल पूरे देश से, बल्कि जापान, कोरिया, यूके, फ्रांस और स्विट्जरलैंड जैसे देशों से भी निवेशक आ रहे हैं। वे पहली बार पंजाब में फैक्टरी लगाने और भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर बड़े प्लांट लगाने में रुचि दिखा रहे हैं। 20 मार्च को टाटा स्टील के प्लांट का उद्घाटन है और उत्पादन शुरू हो जाएगा। जमशेदपुर के बाद यह देश का दूसरा सबसे बड़ा स्टील प्लांट पंजाब में आ रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 12, 2026, 19:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गोल्डन टेंपल पहुंचे केजरीवाल: हरिमंदिर साहिब में टेका माथा, कोर्ट से राहत के बाद किया शुक्राना, सीएम मान साथ #CityStates #Chandigarh-punjab #Amritsar #GoldenTemple #ArvindKejriwal #BhagwantMaan #SubahSamachar